छत्तीसगढ़

दीपावली पर्व पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश…

बेमेतरा, 6 नवम्बर 2026 /* दीपावली पर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं, आगजनी, पटाखों से जलने, सड़क दुर्घटनाओं तथा लड़ाई-झगड़े में घायल होने वाले व्यक्तियों को तत्काल एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई कुशल दिशानिर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शरद कोहाड़े, जिला बेमेतरा द्वारा सिविल सर्जन, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित संस्था प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाएं।

इस हेतु सभी संबंधित संस्थाओं में चिकित्सकीय दल को पर्याप्त दवाइयों, आवश्यक उपचार सामग्री एवं आपातकालीन संसाधनों सहित सतर्क एवं तैयार रखा जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को बिना विलंब के उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

साथ ही, दीपावली पर्व के दौरान चिकित्सकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी के निर्धारित रोस्टर में किसी भी प्रकार का परिवर्तन अथवा संशोधन नहीं किया जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय एवं स्थान पर अपनी ड्यूटी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

*आम जनता के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह :-*

1. पटाखे खुली जगह में, बच्चों से दूर रहकर ही जलाएं, हाथ में रखकर पटाखा न जलाएं।
2. पटाखे जलाते समय सूती कपड़े पहनें, सिंथेटिक व ढीले कपड़ों से बचें।
3. जलने पर जले हुए स्थान पर तुरंत 10-15 मिनट तक साफ ठंडा पानी डालें, टूथपेस्ट, हल्दी, तेल या बर्फ न लगाएं।
4. आंख में चिंगारी जाने पर आंख को रगड़ें नहीं, साफ पानी से धोएं और तुरंत अस्पताल जाएं।
5. अस्थमा, हृदय रोग व सांस के मरीज धुएं से बचें, मास्क लगाएं और दवा साथ रखें।
6. बच्चों व बुजुर्गों को पटाखों के धुएं व तेज आवाज से दूर रखें।
7. घर में बाल्टी भर पानी, रेत व फर्स्ट एड बॉक्स तैयार रखें।
8. अधिक मिठाई व तले-भुने भोजन से बचें, पानी अधिक पिएं।
9. किसी भी गंभीर जलने, सांस लेने में तकलीफ या आंख की चोट पर तुरंत नजदीकी अस्पताल / 108 एम्बुलेंस से संपर्क करें।

उक्त निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए दीपावली पर्व के दौरान आमजन को निर्बाध, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button