छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की समीक्षा….

रायपुर: महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज खैरागढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष से महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार एवं संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित प्रदेश के सभी जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय बैठक ली। बैठक में सेवा संकल्प अभियान तथा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत प्रदेशभर में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अभियानों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास और सेवा कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की भावना के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक बाल विकास की गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने बच्चों, माताओं एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, संतुलित आहार एवं स्थानीय पोषण स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने की समीक्षा

श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि पोषण संबंधी अभियानों की सफलता केवल विभागीय गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय समुदाय को जोड़कर पोषण जागरूकता की गतिविधियों को व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलों में संचालित पोषण एवं जनभागीदारी संबंधी गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों अभियानों की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए इनके उद्देश्यों और संदेश को प्रदेश के प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाया जाए।

News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button