जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन, आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: गुरु खुशवंत साहेब….

रायपुर: जांजगीर-चांपा जिला में 11 से 13 फरवरी तक शासकीय हाईस्कूल मैदान, जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, जर्वे में आयोजित तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का समापन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा जाज्वल्या 2026 स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंथी नृत्य एवं मल्लखंभ की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

कृषि एवं तकनीक के संगम से समृद्धि की ओर
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि एग्रीटेक कृषि मेला 2026 किसानों और युवाओं के लिए नवाचार का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि की समृद्ध धरती है, जहां परंपरा और आधुनिक तकनीक का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: श्री गुरु खुशवंत साहेब
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरणों एवं नवीन तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं को एग्री-उद्यमी बनने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के कृषक तकनीकी नवाचार अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होंगे।

सामाजिक न्याय और कौशल विकास पर जोर
मंत्री श्री साहेब ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग मुख्यधारा से पीछे न रहे, यह सरकार का संकल्प है। कौशल विकास एवं आर्थिक अवसरों के माध्यम से सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आधुनिक तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से एआई एवं नई तकनीकों में दक्ष बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों के लिए निरंतर प्रयास
मंत्री श्री साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। धान के समर्थन मूल्य से लेकर नई कृषि नीतियों तक अनेक योजनाएं किसानों के हित में संचालित की जा रही हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
समापन समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक श्री ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, अध्यक्ष खनिज विकास निगम श्री सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवागढ़वाल, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व सांसद श्री गुहाराम अजगल्ले सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: श्री गुरु खुशवंत साहेब

इसके अतिरिक्त कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, किसान एवं आमजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया। यह आयोजन प्रदेश में कृषि, तकनीक और लोक संस्कृति के समन्वित विकास का प्रतीक बनकर उभरा है।

News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button