Breaking News

विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री,BJP विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए शनिवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान हो गया। बताया जा रहा है कि विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे।

कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक विष्णुदेव साय आदिवासी समाज से ताल्लुक रखते हैं। बता दें कि विष्णुदेव साय के नाम ने सभी को चौंका दिया, क्योंकि विष्णुदेव साय का नाम मुख्यमंत्री की रेस में नहीं था।

भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम के अलावा ओम माथुर, मनसुख मांडविया मौजूद रहे। रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने मिलकर विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई।

‘हर दिल अजीज हैं विष्णुदेव साय’

वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर पार्टी नेता नारायण चंदेल ने बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय हर दिल अजीज हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा नेता ने कहा,

वे (विष्णुदेव साय) हर दिन अजीज हैं और बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। हमारे प्रदेश अध्यक्ष हैं। बहुत सहज हैं, सरल हैं, विनम्र हैं और एक ऐसा चेहरा हैं जिसका कोई विरोध नहीं कर पाया..

विष्णुदेव साय ने हाईकमान का जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय ने भाजपा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर इतना विश्‍वास जताया और राज्‍य का नेतृत्‍व करने का दायित्‍व दिया है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा का भी आभार जताया।

कौन हैं विष्णुदेव साय ?

विष्णुदेव साय का जन्म 21 फवरी 1964 में जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है. उनका एक बेटा और दो बेटियां है। विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में की थी। विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा से निर्वाचित हुए हैं. वे आदिवासी समुदाय से आते हैं। विष्णुदेव साय 2020 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं. इतना ही नहीं साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में होती है।वह रमन सिंह के भी करीबी हैं. साल 1999 से 2014 तक वह रायगढ़ से सांसद रहे हैं. मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में साय को केंद्र में मंत्री बनाया गया, जिसके बाद इन्होंने संगठन पद से इस्तीफा दे दिया था।

Shreyansh baid

Editor in Chief

Shreyansh baid

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button